पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए चल रही वोटिंग के दौरान सोशल मीडिया पर एक आईबी की एक रिपोर्ट वायरल रही। इस कथित रिपोर्ट में पंजाब में कांग्रेस 69 सीटें जीत रही है, जबकि शिअद-भाजपा 16 पर सिमट रही है। आम आदमी पार्टी 31 और एक आजाद उम्मीदवार जीत रहा है। यह रिपोर्ट आईबी ने प्रधानमंत्री आफिस भेजी है। रिपोर्ट में लिखा है ‘दिस इज ओनली पीएम आफिस यूज’।
रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस दोआबा में 15, माझा में 19 और मालवा में 35 के साथ कुल 69 सीटों पर जीत रही है। दूसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी दोआबा में 4, माझा में 2, मालवा में 25 के साथ कुल 31 सीटें जीत रही है। शिअद-भाजपा तीसरे नंबर पर है। इस गठबंधन को दोआबा में 4, माझा में 4 और मालवा में 8 के साथ कुल 16 सीटें मिल रही है। जबकि अन्य पार्टी व आजाद उम्मीदवार एक सीट जीत रहे हैं।
रिपोर्ट में पंजाब में राजनैतिक पार्टियों के वोट प्रतिशत में कितने हैं, इसकी रिपोर्ट भी दी गई है। रिपोर्ट के ऊपर लिखा है इंटेलीजेंस ब्यूरो रिपोर्ट। रिपोर्ट शेर के चिन्ह वाली मोहर के लेटरपैड पर है। रिपोर्ट नंबर भी दिया गया है। यह भी लिखा है कि यह रिपोर्ट 23 जनवरी 2017 से 1 फरवरी 2017 तक लोगों की बातचीत के सर्वे पर आधारित है। रिपोर्ट दो फरवरी को भेजी गई है।