चंडीगढ़। बीमा पॉलिसी पूरी होने के नाम पर बुजुर्गों को ठगने वाले एक और आरोपी को साइबर सेल ने पंजाब के मलोट से गिरफ्तार किया किया है। आरोपी की पहचान मलोट निवासी अंग्रेज सिंह (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। इससे पहले 23 सितंबर को गिरफ्तार हुए गिरोह के छह आरोपियों का तीन दिन का रिमांड खत्म होने के बाद शुक्रवार सभी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर आरोपी अंग्रेज, मनीष और योगेश का दो-दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है जबकि अन्य आरोपी प्रणव, राकेश, शुभम और अर्जुन को जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार इन शातिरों के झांसे में आकर 16 लाख 54 हजार रुपये की ठगी का शिकार हुए सेक्टर-44/ए निवासी निर्मल सिंह (83) की शिकायत पर साइबर सेल ने 22 सितंबर को जीरकपुर में फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मार कर योगेश वर्मा, प्रणव, मनीष कुमार, राकेश कुमार, शुभम भारद्वाज और अर्जुन यादव को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया था कि वे सिर्फ बुजुर्गों को ही निशाना बनाते थे।