पाकिस्तान की छाती पर लहराये गये देश के सबसे ऊंचे झंडे का एक बार फिर अपमान हो गया। हजारों लोगों की मौजूदगी में बॉर्डर पर तिरंगे के साथ ऐसा हुआ है। अटारी बॉर्डर पर फहराया गया देश का सबसे ऊंचा तिरंगा (360 फीट) करीब चौदह घंटे तक झुका रहा। झुकने से पहले वह फट चुका था।इतना ही नहीं इससे पहले कि उसे उतारा जाता, वह जमीन पर आ गिरा।
अधिकारियों का दावा है कि झंडे को फहराने के लिए बने पोल के गियर बॉक्स में खराबी आई थी। जाहिर है तिरंगे की इस दुर्दशा से राष्ट्रीय ध्वज के रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बुधवार को बॉर्डर पर एक तरफ जहां रिट्रीट सेरेमनी हो रही थी, तो दूसरी तरफ देश का सबसे ऊंचा तिरंगा धीरे-धीरे नीचे झुक रहा था। बारिश ने झुके तिरंगे को इतना भारी कर दिया कि तिरंगा सूर्यास्त के पहले खुद ही नीचे आ गिरा।