विधायक सुरजाखेड़ा और जगदीश नायर के मामले में विधानसभा अध्यक्ष ने लिया संज्ञान
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने नरवाना के विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा को जान से मारने की धमकी देने और होडल के विधायक जगदीश नायर के आवास पर हुई फायरिंग की घटनाओं पर संज्ञान लिया है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर को पत्र लिख कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, 22 मई की रात नरवाना के विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा के घर में घुसकर कुछ लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक शब्द कहे। वहीं, एक जून को होडल के विधायक जगदीश नायर के आवास पर फायरिंग की गंभीर घटना हुई है। विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने उपरोक्त दोनों घटनाओं पर संज्ञान लिया है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को हिदायत दी कि इन घटनाओं की जांच प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से करवाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। गुप्ता ने दोनों विधायकों की सुरक्षा भी बढ़ाने को कहा है। पुलिस महानिदेशक को इन घटनाओं की जांच रिपोर्ट के संबंध में 15 दिन के भीतर अवगत करवाना होगा। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायक अपने हलके के लाखों लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे जनता की समस्याओं के निराकरण और अपने हलके के विकास कार्यों के लिए उत्तरदायी हैं। विधायकों के आवास पर इस प्रकार की घटनाओं से जनता में भी गलत संदेश जाता है। इस प्रकार की घटनाओं को हलके में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस को इन घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर निर्धारित समय अवधि में रिपोर्ट सौंपनी चाहिए।