अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। ऐतिहासिक श्री काली माता मंदिर के नवीनीकरण प्रोजेक्टों का निरीक्षण करने के लिए नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया, मंदिर की एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के सदस्य सीए अजय अलीपुरिया, डॉ. राज गुप्ता और संजय सिंगला तथा एडीसी (जनरल) सिमरप्रीत कौर ने हाल ही में दौरा किया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी इंजीनियर पीयूष अग्रवाल, एसडीओ मयंक कुमार और जनसेहत, ड्रेनेज व बिजली विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
मेयर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मंदिर के नवीनीकरण कार्य तय समय सीमा, यानी एक साल में, पूरा किए जाएं। उन्होंने कहा कि मंदिर के नवीनीकरण के लिए लगभग 75 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं जो भक्तों और शहर के लिए शुभ संकेत हैं। प्रोजेक्ट के तहत मंदिर के सरोवर में साफ नहर का पानी सप्लाई, सीवेज और ड्रेनेज ढांचे का अपग्रेडेशन, और टैंक के चारों ओर नया मार्ग निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा प्रवेश द्वार और सरोवर का नव निर्माण, छह बिल्डिंग ब्लॉक, मेन लंगर हॉल की छत पर एम्फीथिएटर और सरोवर के पास लाइट एंड साउंड शो की सुविधा भी तैयार की जाएगी।
मेयर ने बताया कि मंदिर के सभी प्रवेश द्वार शहरी योजनाबंदी और पारंपरिक वास्तुकला के अनुरूप डिजाइन किए जाएंगे, ताकि धार्मिक महत्व और ऐतिहासिक सौंदर्य दोनों सुरक्षित रहें।यह परियोजना शहर की धार्मिक धरोहर को नए स्वरूप में प्रस्तुत करने के साथ भक्तों के अनुभव को और बेहतर बनाएगी।