रिमांड के पहले और दूसरे दिन ही उसने टीनू की मुलाकात उसकी प्रेमिका से करा दी। तीसरे दिन प्रितपाल सिंह जब टीनू को अपनी ब्रेजा गाड़ी में लेकर जा रहा था तो रास्ते में ही काले रंग की एंडेवर गाड़ी में आई दीपक की प्रेमिका ने अपने साथियों के साथ उन्हें रोक लिया। इसके बाद वह टीनू को पुलिस हिरासत से भगा ले गई।
सूत्रों का कहना है कि उस समय प्रितपाल सिंह शराब के नशे में धुत था। यह भी पता चला है कि टीनू प्रितपाल सिंह का सर्विस रिवाल्वर भी साथ ले गया था हालांकि आईजी मुखविंदर सिंह छीना का कहना है कि प्रितपाल का सर्विस रिवाल्वर पुलिस लाइन में जमा करवा दिया गया है। आईजी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। अभी मामला जांच के अधीन है, इसलिए ज्यादा नहीं बता सकते। पुलिस से जुडे़ सूत्रों ने बताया कि टीनू के फरार होने के मामले में नामजद सीआईए प्रभारी प्रितपाल सिंह के अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी भी जांच के घेरे में हैं।
कार में टायर डलवाने के लिए पूछा था पता
सूत्रों ने बताया कि गैंगस्टर टीनू ने प्रेमिका को काले रंग की सेकेंड हैंड एंडेवर कार गिफ्ट में दी थी। इसी में वह दो दिन से मानसा में घूम रही थी। इस दौरान उसके साथ कई लोग देखे गए। उसने मानसा के बाहरी क्षेत्र में एक दुकानदार से गाड़ी में टायर डलवाने के बारे में पूछा था। दुकानदार ने उसे शहर की एक दुकान के बारे में बताया था कि टायर वहीं मिलेंगे।