हरियाणा का जो भी नेता विधानसभा चुनाव प्रचार करने के लिए पंजाब जाएगा, वो गद्दार कहलाएगा। यह कहना है, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला का। इनेलो जहां 23 फरवरी को एसवाईएल की खुदाई करने का ऐलान कर चुकी है, वहीं उसने इस मुद्दे पर चुनावी समर में सभी पार्टियों को घेर लिया है।
इनेलो ने कांग्रेस व भाजपा के नेताओं को घेरते हुए कहा कि हरियाणा का कोई नेता पंजाब में प्रचार करने जाएगा तो वह हरियाणा का गद्दार कहलाएगा। चौटाला ने कहा कि ऐसे नेताओं पर नजर रखी जाए और उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया जाए। चौटाला मुरथल रोड पर यूनिक गार्डन में इनेलो के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
चौटाला ने एसवाईएल के मुद्दे पर कांग्रेस व भाजपा पर भड़ास निकाला। उन्होंने कहा कि भाजपा की सहयोगी शिअद सरकार ने जब एसवाईएल की जमीन लौटाने का नोटिफिकेशन जारी किया था, तभी उन्होंने शिअद से अपने सभी राजनीतिक रिश्ते तोड़ दिए थे।
वहीं कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला वहां जाकर एसवाईएल के विरोधी कैप्टन अमरिंदर सिंह का प्रचार करते हैं और सीएम खट्टर भी जरूरत पड़ने पर वहां प्रचार करने जाने की बात कह रहे हैं। एसवाईएल पर कोई फैसला नहीं लेने के कारण सीएम व सरकार को पूरी तरह से कमजोर बताया।