अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। इनेलो पार्टी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारियों में पूरी तरह से जुट गई है। रोड सम्मेलन व महिला आक्रोश सम्मेलन के बाद पार्टी 14 जनवरी यानि आज सिरसा में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन, 21 जनवरी को कैथल में युवा सम्मेलन, 11 फरवरी को अंबाला के हलका मुलाना के बराड़ा में अनुसूचित जाति सम्मेलन और 18 फरवरी को जिला हिसार के हलका बरवाला में किसान सम्मेलन आयोजित कर रही है। 15 फरवरी को इनेलो की छात्र विंग अपना स्थापना दिवस हिसार में मनाएगी।
इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने बताया कि इनेलो पार्टी ने अपने राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के अध्यक्ष और जिला अध्यक्षों के साथ-साथ अनुसूचित जाति वर्ग, पिछड़ा वर्ग, युवा वर्ग, महिला वर्ग, व्यापार वर्ग एवं कर्मचारी वर्ग के प्रकोष्ठों के अलावा अन्य प्रकोष्ठों का पुनर्गठन कर अपना मजबूत संगठन बना लिया है। मजबूत संगठन के बलबूते अब इनेलो लोकसभा और विधानसभा के चुनावों को लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है।