मनीमाजरा से जहां सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस मिले, वहीं कोरोना के एक मरीज की मौत भी हुई। वहीं, तीन अन्य मृतकों में सेक्टर-48 का एक और मौलीजागरां के दो मरीज शामिल हैं। इसके साथ ही शहर में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 5065 पर पहुंच गई है जबकि अब तक 63 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वहीं अभी 71 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। इन सबके बीच गुरुवार को भी अलग-अलग अस्पतालों और क्वारंटीन सेंटरों में भर्ती कोरोना के 213 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
उधर, मोहाली जिले में गुरुवार को कोरोना से एक और बुुजुर्ग महिला की मौत हो गई जबकि 130 नए संक्रमित मिले। मृतका गांव शाहपुर की रहने वाली थी और चंडीगढ़ के जीएमसीएच-32 में इलाज करा रही थीं। सिविल सर्जन डॉ मनजीत सिंह ने बताया कि अब जिले में मृतकों की संख्या 90 हो गई है जबकि जिले में कोविड के कुल मरीज की संख्या 4223 है। इनमें से 2261 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि सक्रिय केसों की संख्या 1872 है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह कोरोना गाइडलाइन का पालन करें। मुंह को कवर करना, सोशल डिस्टेंस बनाकर रखना और हाथ धोने को अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लें। गुरुवार को संक्रमित मिले 130 मरीजों में 55 मोहाली और इसके आसपास के साथ लगते गांव व शहरी एरिया के हैं। जबकि खरड़ एरिया में 10, ब्लॉक घडुआं में 25, बूथगढ़ व आसपास के एरिया में 4, ढकोली व इसके आसपास के एरिया में 15, डेराबस्सी व इसके आसपास के एरिया में 14, लालडू में 6 व बनूड़ के आसपास के एरिया में एक केस सामने आया है।
पंचकूला में फिजिक्स की लेक्चरर समेत जिले में 173 नए लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा एक मरीज की भी मौत हो गई है। मृतक पिंजौर निवासी 41 वर्षीय व्यक्ति का सेक्टर-6 में ही इलाज चल रहा था। वह शुगर, बीपी सहित कई बीमारियों से पीड़ित था। सेक्टर-6 की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर का कहना है कि गुरुवार को 128 मामले जिले से हैं जबकि 45 पॉजिटिव केस बाहरी प्रदेशों और जिलों से हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रेंडम सैंपलिंग की जा रही है, ताकि जिले को जल्द ही कोरोना मुक्त बनाया जा सके।
पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि सेक्टर-1 पीजी कॉलेज की फिजिक्स की लेक्चरर पॉजिटिव मिली हैं। उन्हें भी क्वारंटीन करने के साथ कॉलेज के स्टाफ के सैंपल लिए जा रहे हैं। सभी के कोरोना टेस्ट किया जाएगा। लेक्चरार के संपर्क में आए सभी लोगों को होम क्वारंटीन भी किया गया है।
सेक्टर-2, 4, 6, 7, 16, 19 में दो-दो केस, सेक्टर-8 में 6, सेक्टर-9, 18 में 3 केस, सेक्टर-10, 25 में 4 केस, सेक्टर-12, 17, 23, 28 में 1, सेक्टर-15 में 12, सेक्टर-20 में 16, सेक्टर-21 में 5, सेक्टर-26 में 6, मामले पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा अमरावती, चंडीकोटला, कंडीयावाला, कोट, नानकपुर, इदिंरा कॉलोनी, मोरनी, सूरजपुर, सरकपुर में एक-एक केस, आशियाना सेक्टर-20, मदनपुर, एमडीसी सेक्टर-4, राता टिब्बी, रायपुररानी में दो-दो, बरवाला में तीन, बीड़ घग्गर में दो, आईटीबीपी में तीन, कालका में सात, पिंजौर में 18 मामले पॉजिटिव मिले हैं। इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 173 केस में से 128 केस पंचकूला से आए हैं। वहीं 45 केस बाहर के हैं। सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि कोरोना को रोकने का स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रयास किया जा रहा है। पंचकूला में सरकारी दफ्तर में काम करने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों का कोरोना टेस्ट जरूरी किया जाएगा।