हरियाणा में लोगों को विश्वस्तर की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इंडो-यूके हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड एक हजार करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट लगाएगी।
इससे करीब तीन हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना हैं। इस संबंध में मंगलवार को राज्य सरकार और इंडो-यूके हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के बीच परस्पर सहयोग को लेकर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उद्योग मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की उपस्थिति में इस समझौता ज्ञापन पर हरियाणा की ओर से उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह व इंडो-यूके हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय आर गुप्ता द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंग्लैंड दौरे के दौरान वहां के प्रधानमंत्री डेविड कैमरून के साथ भारत में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के लिए सहमति बनी थी। उसके तहत भारत में एक बिलियन पाउंड निवेश किया जाना है। इसी कड़ी में इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए हैं। हरियाणा देश के उन 6 प्रदेशों में से एक है, जिसके साथ इंडो-यूके हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड ने यह समझौता किया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 9 मेडिकल कॉलेज हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने का है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में एम्स की स्थापना की प्रक्रिया चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में अभी एक मेडिकल विश्वविद्यालय है, जबकि एक अन्य विश्वविद्यालय करनाल में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही कुरुक्षेत्र में भी एक आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय खोला किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार डॉक्टरों की तय संख्या को पूरा करने के लिए राज्य सरकार का दृढ़ संकल्प है और इस दिशा में डॉक्टरों की भर्तियां की जा रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आरके खुल्लर, उद्योग विभाग के निदेशक विवेक अत्रेय के अलावा इंडो-यूके हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल में यूके के डिप्टी हाई कमीश्नर डेविड लेलियट, हेल्थकेयर यूके के एम. निथावरीएनाकिस, बोर्ड मैंबर माइक पार्कर, विनय सिंघल, इन्वेस्ट इंडिया से उदय मुंजाल व निखिल राज उपस्थित थे।