बॉर्डर से सटे गांवों का दौरा करने पहुंचे मुख्यमंत्री बादल
- फोटो : अमर उजाला
बॉर्डर पर तनाव के चलते खाली कराए गए गांवों का दौरा करने के लिए मुख्यमंत्री बादल पहुंचे तो जाते-जाते बड़ा ऐलान कर गए। उन्होंने कहा कि सीमा पर बने तनाव के बावजूद सीमावर्ती किसानों को उनकी फसल काटने से नहीं रोका जाएगा।
यह बात मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शनिवार को बॉर्डर एरिया के लोगों के लिए बनाए गए कैंपों का दौरा करने के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने जिले में बमियाल राहत शिविर व बारठ साहिब राहत शिविर का दौरा कर लोगों का हाल जाना और उन्हें मिल रही सुविधा का जायजा लिया।
इस दौरान बादल ने कहा कि फसल किसानों के लिए अपने बच्चों की तरह हैं और फसलों का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि इस संदर्भ में उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से बात की है।
गृहमंत्री ने बीएसएफ को निर्देश दिए हैं कि सीमावर्ती इलाकों में किसानों को फसल की कटाई करने दी जाए। इसी प्रकार भारत सरकार ने सीमा पर कंटीली तार के उस पार के खेतों में भी किसानों को फसल कटाई की आज्ञा दे दी है।
गांवों के लोगों को बताया सच्चा देशभक्त
बॉर्डर से सटे गांवों का दौरा करने पहुंचे मुख्यमंत्री बादल
- फोटो : अमर उजाला
सीमावर्ती इलाकों के बाशिंदों को सच्चा देशभक्त बताते हुए सीएम बादल ने कहा कि वह लोग हर दिन मुश्किलों का सामना करते हैं। बादल ने कहा कि सिर्फ पंजाब ही नहीं बल्कि पूरा देश ऐसे लोगों का ऋणी है। तनाव की स्थिति में अपने घर छोड़ शिविरों में आने वाले इन लोगों की मदद के लिए पंजाब सरकार वचनबद्ध है।
उन्होंने कहा राहत शिविरों को सरकार के उच्चाधिकारी निरंतर मानिटर कर रहे हैं। भारत सरकार की हिदायतों पर सरकार ने बार्डर एरिया से इन लोगों को दूर किया है ताकि किसी प्रकार का भारी जान-माल का नुक्सान न हो सके। इस मुश्किल कड़ी में पंजाब सरकार लोगों के साथ खड़ी है और उनकी मदद में सरकार कोई भी कसर नहीं छोड़ेगी।
राहत शिविर के दौरे के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सीएम बादल ने कहा लोगों की सुरक्षा के मददेनजर बॉर्डर एरिया को खाली करवाया गया है, क्योंकि शत्रु कोई भी कदम उठा सकता है, उस पर विश्वास नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुकाबले पंजाब की जनसंख्या अधिक है इसी वजह से पंजाब में बार्डर क्षेत्रों को खाली कराया गया है।