मां की हत्या हो गई तो फौजी बेटे का कलेजा फट गया और उसने बागी तेवर अख्तियार कर लिए। यह देखकर सेना और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। अब एक बड़ा कदम उठाया गया है। मामला पंजाब के फिरोजपुर का है। मां की हत्या से आहत सेना के इस जवान ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर न केवल फिरोजपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया था, बल्कि फिरोजपुर थाने के एसएचओ पर उसकी मां के हत्यारों को बचाने और केस को लटकाने का आरोप लगाया था।
प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री और डीजीपी पंजाब के नाम जारी किए 5 मिनट के वीडियो में फौजी ने साफ कहा था कि ‘यदि उसे न्याय न मिला तो बागी और फौजी में कोई फर्क नहीं होता और इस बात का भी फैसला होगा कि वर्दी अब देश का ये जवान पहनेगा या मामले को लटकाने वाला एसएचओ।’फौजी के इस बागी तेवरों बाद हरकत में आई पंजाब पुलिस ने इस केस की स्टेटस रिपोर्ट जारी की है। उधर, सेना ने भी जवान के इस वीडियो को फिलहाल सोशल मीडिया से हटवा दिया है। फिरोजपुर रेंज आईजी मुखविंद्र सिंह चीना ने बताया कि इस केस में पुलिस कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने वर्तमान स्टेट्स रिपोर्ट की जानकारी देते हुए बताया कि हत्या के इस मामले में आरोपी किरणदीप सिंह, अमन कुमार और मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि फौजी ने 5 से 6 लोगों पर भी मारपीट के आरोप लगाए थे। लेकिन जांच में इन लोगों में से सिर्फमनप्रीत सिंह की ही इस मामले में संलिप्तता पाई गई है, जबकि अन्य लोगों का इस मामले में संलिप्तता नहीं पाई गई है। उनके अनुसार इस केस को लटकाने और कार्रवाई में देरी करने वाले एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके अनुसार इस मामले में पुलिस ने चालान भी तैयार कर लिया है।