घाटी के युवाओं को देश की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सेना ने एक सकारात्मक पहल की है। इससे वे अब आतंकियों के चंगुल में नहीं फंसेंगे। दरअसल सेना चाहती है कि घाटी में रहने वाले युवाओं का सर्वांगीण विकास हो और वे भी देश के अन्य हिस्सों की विरासत, संस्कृति व रहन-सहन से रूबरू हों।
इसके लिए सेना ने ‘इनीशिएट कैपेसिटी बिल्डिंग टूर’ अभियान शुरू किया है। सेना अपने इस अभियान के तहत घाटी के युवाओं को देश के उच्च शिक्षा संस्थानों में अधिक से अधिक विजिट कराएगी। इसके अलावा युवाओं को देश की समृद्ध विरासत और संस्कृति की भव्यता से रूबरू कराने के लिए विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों और शहरों का दौरा कराएगी।
बड़े शहरों में पर्यटन और तरक्की की जानकारी भी युवाओं को संबंधित शहरों में ले जाकर दी जाएगी। इसके अलावा इन युवाओं को विभिन्न छावनियों का भी टूर कराकर सेना की कार्यप्रणाली और सेना की ताकत से अवगत कराया जाएगा, ताकि उनमें भी देशप्रेम का जज्बा पैदा हो सके।