मोटापे से पीड़ित चाहत के परिजनों के लिए राहत भरी खबर आई है। पीजीआई में इलाज शुरू होने के बाद से उसका वजन करीब 500 ग्राम कम हुआ है। जबकि उसका हर महीने दो किलोग्राम वजन बढ़ रहा था। करीब एक माह से उसका इलाज चल रहा है।
पीजीआई के डॉक्टरों का कहना है कि अभी मुख्य रिपोर्ट नहीं आई है। इसके बावजूद मोटापे का बेसिक इलाज शुरू करवा दिया गया है। यदि जेनेटिक रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो इलाज बदल देंगे। वरना यही इलाज चलेगा। जब वह पीजीआई आई थी, तब उसका वजन 20 किलोग्राम था। अब उसका वजन 19 किलो 500 ग्राम रह गया है।
इलाज के तौर पर चाहत को कुछ मेडिसिन दी गई और एक्सरसाइज करवाई जा रही है। एक घंटे उसे रोजाना चलना होता है। मोटापे का यही बेसिक इलाज है। चाहत के पिता सूरज ने बताया कि वह अपने बच्ची के इलाज से खुश हैं। उन्होंने पीजीआई के डॉक्टरों का धन्यवाद देते हुए कहा कि चाहत के इलाज में संस्थान के डॉक्टर पूरी मदद कर रहे हैं। अब दस दिन बाद फिर से आना है। तब तक चाहत के सैंपलों की रिपोर्ट भी आ जाएगी।