चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की शान माने जाने वाले स्टूडेंट सेंटर के टॉप फ्लोर पर स्थित इंडिया कॉफी हाउस को चार साल बाद खोलने की तैयारी की जा रही है। 9 मार्च तक इसके लिए टेंडर किया जाएगा। स्टूडेंट सेंटर पर 40 वर्ष से चल रहे इंडियन कॉफी हाउस के मालिक को घाटे में चलने के कारण चार साल पहले मजबूरन बंद करना पड़ा था। इसके बाद किराया अधिक होने और बाद में कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन लगने की वजह से इसका टेंडर ही नहीं हो पाया था।
पीयू के कॉफी हाउस ने बदलते समय के साथ खुद को ढाला, लेकिन दुकान के अधिक किराए और खाने कम दामों के कारण लगातार घाटा हो रहा था। इसके कारण जुलाई 2019 में इंडियन कॉफी हाउस के मालिक जॉय कुरुविला ने इसे बंद करने का फैसला लिया था। इंडियन कॉफी हाउस स्टूडेंट सेंटर की सबसे पुरानी और पहली कॉफी हाउस की दुकान थी और इसे स्टूडेंट्स का सेंटर कहा जाता था। लेकिन समय के साथ स्टूडेंट सेंटर के नीचे चाय-कॉफी और खाने के आउटलेट्स खुलने के कारण विद्यार्थी ऊपर कम आने लगे थे और विभागों में भी कई कैंटीनें खुल गई थीं।
स्टूडेंट सेंटर की अपनी अलग पहचान
आजादी के बाद फ्रेंच आर्किटेक्ट ली कार्बूजिए ने 1960 में पीयू में स्टूडेंट सेंटर की स्थापना कराई। पीयू का स्टूडेंट सेंटर अपने आप में अलग है। पीयू की पहचान ही इसके जरिए होती है। चाहे इंटरनेट हो या फिर कागजों में फोटो, इसी के जरिये लोग पीयू को पहचानते हैं। यह भवन 60 साल पुराना है। पहले चारों ओर से यह खुला हुआ था। नीचे से लोग भी आसानी से निकल सकते थे। पिल्लर पर यह भवन खड़ा था, लेकिन लगभग 15 साल पहले इसका नक्शा ही बदल दिया गया। पार्किंग को खत्म कर दिया गया। चारों ओर से कवर्ड कर दिया गया। इसमें एटीएम, कॉफी हाउस, खाना खजाने की दुकानें आदि खोल दी गईं।