चंडीगढ़। भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले दोनों टीमों ने न्यू चंडीगढ़ स्थित न्यू पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास शुरू कर दिया है। मैच को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट फैंस में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि यहां पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच का आयोजन किया जा रहा है।
भारतीय टीम के खिलाड़ी मंगलवार को स्टेडियम पहुंचे और नेट्स पर जमकर पसीना बहाया। कप्तान शुभमन गिल नहीं दिखे, लेकिन उपकप्तान केएल राहुल समेत सीनियर खिलाड़ी कुलदीप यादव, ऋषभ पंत आदि टीम के साथ मौजूद थे। कोच गौतम गंभीर ने भी खिलाड़ियों के साथ काफी समय बिताया और मॉर्ने मॉर्कल गेंदबाजों के साथ काफी देर तक काम करते रहे। युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ अनुभवी क्रिकेटरों ने भी अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।
दूसरी ओर, अफगानिस्तान की टीम भी पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरी। खिलाड़ियों ने भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने के लिए लंबा अभ्यास किया। अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ तैयारी की, जबकि गेंदबाजों ने लाइन और लेंथ पर विशेष ध्यान दिया। टीम इस ऐतिहासिक मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने उतरेगी।
भारत और अफगानिस्तान के बीच यह सिर्फ दूसरा टेस्ट मुकाबला होगा। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह मैच दोनों टीमों के लिए अपनी ताकत परखने का बेहतरीन अवसर साबित होगा। 6 जून से शुरू होने वाले इस मुकाबले पर देश-विदेश के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं।