डेरा सच्चा सौदा की संपत्ति और आय का आंकलन करने के लिए रोहतक से आयकर विभाग की टीम मंगलवार को सिरसा पहुंची। आयकर विभाग की टीम डेरा में चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस द्वारा जब्त किए गए कागजातों की नकल लेकर डेरा की संपत्ति का आंकलन करके रिपोर्ट पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सौंपेगी।
हाईकोर्ट के आदेशानुसार आयकर विभाग की सात सदस्यीय टीम उप निदेशक दाता राम के नेतृत्व में सुबह सिरसा पहुंची। सबसे पहले टीम ने शहर थाना में जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इसके बाद टीम अदालत परिसर पहुंची और मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विजय जेम्स की अदालत में अर्जी लगाई।
अर्जी में अदालत से मांग की गई कि आयकर विभाग की टीम को डेरा सच्चा सौदा से जब्त कागजातों की नकल और संपत्ति की जांच के लिए अनुमति दी जाए। अदालत ने शहर थाना पुलिस से इस संबंध में जवाब दाखिल करने को कहा। अदालत ने अर्जी पर सुनवाई के लिए 21 अक्टूबर की तारीख मुकर्रर की है।
राम रहीम का डेरा सच्चा सौदा
गौरतलब है कि डेरा में चले सर्च ऑपरेशन की रिपोर्ट के बाद हाईकोर्ट ने आयकर विभाग और ईडी को डेरा सच्चा सौदा की पूरी संपत्ति का आकलन करके रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया हुआ है। सिरसा में डेरा की कुल जमीनी संपत्ति करीब 1900 करोड़ बताई गई है।
ये कीमत जमीनों के सरकारी रेट से आंकी गई है जबकि इसकी मार्केट वेल्यू इससे बहुत ज्यादा है। इसके अलावा डेरा में फाइव स्टार होटल से लेकर बडे़-बडे़ भवन, सिनेमा हॉल, शॉपिंग कांपलेक्स, शिक्षण संस्थान, स्टेडियम, अस्पताल व फैक्ट्रियों का निर्माण हुआ हो रखा है। इनकी कीमत हजारों करोड़ों रुपये है। आयकर विभाग की टीम इन सारी संपत्ति का आकलन करेगी।
आयकर विभाग की टीम सिरसा पहुंची है। पुलिस द्वारा जब्त कागजातों की नकल लेने के लिए टीम ने सीजेएम अदालत में अर्जी लगाई। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए आगे 21 अक्टूबर की तारीख मुकर्रर की है। पुलिस प्रशासन की ओर से आयकर विभाग की टीम को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
विजय कक्कड़, डीएसपी हेडक्वार्टर सिरसा।