अब सिटी के आय करदाताओं को आयकर की पिन चुभने लगी है। आयकर विभाग द्वारा मोबाइल पर एसएमएस सेवा के माध्यम से दी जाने वाली पिन ने आय करदाताओं और उनका टैक्स रिटर्न फाइल करने वाले एक्सपर्ट की नींद खराब कर दी है।
आयकर विभाग द्वारा ई रिटर्न को आसान करने और सुरक्षित करने के लिए सेवा की शुरुआत की गई थी। इसके लिए पहले आयकर विभाग की वेबसाइट पर जाकर मोबाइल नंबर और ई मेल आईडी रजिस्टर करवाना होता है। यह रजिस्ट्रेशन होने के दौरान ही आयकर रिटर्न फाइल करने वाले के मोबाइल पर एक पिन आएगी।
यह पिन सीमित समय के लिए वैध होती है। समस्या यह है कि बंगलूरू से आयकर विभाग द्वारा शुरू की गई इस एसएमएस सेवा को अब ई रिटर्न फाइल करने वाले जबरदस्त रूप से उपयोग कर रहे हैं।
31 जुलाई को आयकर रिटर्न जमा करने की अंतिम तिथि भी है। इस वजह से कई आयकर दाताओं के साथ ऐसा हो रहा है कि उनके मोबाइल नंबर पर पिन तुरंत ही नहीं आती।
कंसल्टेंट की भी परेशानी
आयकर विभाग की ओर से टैक्स पेयर की प्राइवेसी को मेंटेन करने के लिए शुरू की गई इस सेवा ने कई कंसल्टेंट को भी परेशान कर दिया है। इस सेवा के माध्यम से एक मोबाइल पर चार लोगों के लिए ही पिन मंगवाई जा सकती है। कंसल्टेंट ऐसी स्थिति में अपने मोबाइल के माध्यम से अपना और तीन अन्य लोगों का रिटर्न फाइल कर सकते हैं।