एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट चंडीगढ़ दोबारा डीसी को मिलने के बाद राजस्व को चूना लगाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। ग्राहकों से जीएसटी का पैसा लेकर डिपार्टमेंट में रिटर्न जमा नहीं करने की शिकायत पर बुधवार को विभाग ने प्रमुख कोरियर कंपनी फर्स्ट फ्लाइट पर बड़ी कार्रवाई की। कमिश्नर मनदीप सिंह बराड़ के आदेश पर इंडस्ट्रियल एरिया के फेज टू स्थित फर्स्ट फ्लाइट कोरियर कंपनी के कारपोरेट ऑफिस पर छापा मारा गया।
कोरियर कंपनी की ओर से इस वित्त वर्ष में एक भी रिटर्न नहीं भरा गया है। कोरियर कंपनी फर्स्ट फ्लाइट के कारपोरेट ऑफिस में छापे से हड़कंप मच गया। विभागीय टीम ईटीओ संदीप मदान और अरुण कुमार के नेतृत्व में कंपनी के कारपोरेट ऑफिस पहुंची और वहां रखे दस्तावेज खंगाले। साथ ही कर्मचारियों से पूछताछ की। काफी देर तक चली छापामारी की कार्रवाई के बाद टीम ने वहां से कई फाइलें और कंप्यूटर सिस्टम को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि कंपनी ने पिछले नौ महीनों से कोई भी रिटर्न दाखिल नहीं किया है जबकि कंपनी ग्राहकों से इस दौरान कैश जीएसटी वसूल करती रही है। विभागीय अफसरों के मुताबिक, कंपनी पर 18 से 20 लाख की टैक्स बकाया निकल रहा है। विभाग की ओर से कंपनी के अधिकारियों को नोटिस जारी कर तलब किया गया है। विभागीय अफसरों ने बताया कि कंपनियां विभाग के रडार पर हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
एक्साइज की रडार पर कई अन्य कंपनियां
असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर आरके चौधरी ने बताया कि बीते नौ महीनों में फर्स्ट फ्लाइट कोरियर कंपनी ने एक भी रिटर्न नहीं भरा था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। ग्राहकों से टैक्स लेकर कंपनी उन पैसों को अपने कामों में लगा रही थी। यह गैर कानूनी है। डिपार्टमेंट की नजर में और भी कई कंपनियां हैं जो ग्राहकों से तो जीएसटी वसूल कर रही है, लेकिन रिटर्न जमा नहीं कर रही हैं। ऐसी कंपनियों पर डिपार्टमेंट जल्द सख्त कार्रवाई करेगा। इनकी पुख्ता जानकारी एकत्र की जा रही है।