घर में खेलते समय लकड़ी का बेड ऊपर गिरने से दो साल के मासूम की मौत हो गई जबकि उसका बड़ा भाई घायल हो गया। उसे तुरंत पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया। संबंधित त्रिपड़ी थाना पुलिस के मुताबिक यह एक दुर्घटना है इसलिए केस में धारा 174 की कार्रवाई कर दी गई है।
जांच अधिकारी त्रिपड़ी थाने के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि त्रिपड़ी के रहने वाले इंदरेश कुमार का दो साल का बेटा शक्ति अपने बड़े भाई सतीश (साढ़े तीन साल) के साथ मंगलवार सुबह घर में खेल रहा था।
इसी दौरान घर के आंगन में खड़ा किया गया बेड हिलने से बच्चों के ऊपर गिर गया। इससे शक्ति के सिर पर गंभीर चोट आई और सतीश का पैर जख्मी हो गया। दोनों को तुरंत राजिंदरा अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया जहां शक्ति को जांच के बाद डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सतीश का उपचार किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक इंदरेश कुमार मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पाल रहा था और पांच-छह सालों से यह लोग त्रिपड़ी इलाके में ही रह रहे थे।