चंडीगढ़ पुलिस ने दीवाली की रात भागने-दौड़ने में निकाली। पीसीआर पर 414 कॉल्स आई, जिनमें 206 मामले झगड़ों के थे। त्यौहार पर चंडीगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) में पिछले साल के मुकाबले इस साल ज्यादा कॉल आई। सारी रात पुलिस लोगों के झगड़ों को निपटाने को दौड़ती रही। पुलिस को दिवाली वाले दिन कुल 414 कॉल रिसीव हुई और इनमे से लगभग आधी कॉल लड़ाई झगड़ों की थी।
शहर के अलग-अलग सेक्टरों से पुलिस कंट्रोल रूम के पास झगड़ों की कुल 206 सूचनाएं आई । इन सभी स्पॉट पर पुलिस पहुंची और कुछ मामलों में केस दर्ज हुआ और कुछ वैसे ही सुलझा लिए गये। पुलिस कंट्रोल रूम पर दीपावली को कुल 414 कॉल्स में से 48 कॉल सड़क हादसों की भी आई। इसके अलावा पीसीआर कर्मियों ने सड़क हादसों में घायल हुए 28 लोगों को पीजीआई, जीएमएसएच 16 और जीएमसीएच 32 अस्पताल में दाखिल करवाया।
जबकि 31 जगह शहर में आग लगने की कॉल भी आईं। दीपावली को देखते हुए पुलिस विभाग ने पुलिस कंट्रोल रूम में पांच कॉल लाइन से बढ़ाकर सात कर दी थी। ताकि लोगों को पुलिस से सहायता मांगने पर उनकी कॉल वेटिंग में न रहे सके। पुलिस विभाग का कहना है यूं तो रोज पीसीआर में लगभग 300 कॉल आतीं है। लेकिन दिवाली वाले दिन 414 काल्स आईं।
वहीं पिछले साल की बजाए इस साल फायर की कॉल और झगड़ों में इजाफा हुआ है। 2015 में पुलिस कंट्रोल रूम के पास कुल 23 फायर की कॉल आई थी। इसके अलावा कुल कॉल 400 पुलिस कंट्रोल रूम के जवानों ने अटेंड की थी। जिनमें 174 काल झगड़े की और 46 कॉल सड़क हादसों की आई थी।