चंडीगढ़। शहर के सरकारी स्कूलों में ग्यारहवीं में दाखिले के लिए मंगलवार शाम पांच बजे तक आवेदन फॉर्म जमा किए गए। शहर के 42 सरकारी स्कूलों में दाखिले के लिए शिक्षा विभाग के पास कुल 21367 रजिस्ट्रेशन हुई हैं, वहीं तय समय तक 19271 उम्मीदवार ही फॉर्म पूरा कर जमा कर पाए हैं। पिछले वर्ष शहर के 42 सरकारी स्कूलों में ग्यारहवीं में दाखिले के लिए शिक्षा विभाग के पास कुल 20738 रजिस्ट्रेशन हुई थीं और 17381 उम्मीदवार फॉर्म पूरा भरकर जमा कर पाए थे। पिछली बार के मुकाबले इस बार विभाग के पास 629 अधिक रजिस्ट्रेशन हुई हैं और 1890 अधिक आवेदन फॉर्म जमा हुए हैं। 12 अगस्त को मेरिट लिस्ट जारी हो जाएगी।
शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने कहा कि सरकारी स्कूलों की तरफ विद्यार्थियों का रुझान सराहनीय है। इस बार ग्यारहवीं के दाखिले में आवेदन के लिए समय सीमा नहीं बढ़ाई जा रही है। शहर के 42 सरकारी स्कूलों में इस बार ग्यारहवीं की 13570 सीटें हैं। इसमें 3080 विज्ञान, 1980 कॉमर्स, 6780 ह्यूमैनिटिज और 1790 वोकेशनल कोर्स की हैं। कुल 39 स्कूल को-एड और तीन लड़कियों के स्कूल हैं। शहर के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी होने के कारण इस बार शिक्षा विभाग की ओर से ग्यारहवीं में सीटें नहीं बढ़ाने का फैसला लिया था क्योंकि इससे स्कूल पर बोझ बढ़ जाता है और बिना शिक्षकों के छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इस बार बारहवीं बोर्ड के परिणाम में गिरे स्तर का भी एक कारण शिक्षकों की कमी और एक शिक्षक पर तय सीमा से अधिक छात्रों की जिम्मेदारी होना था।
मदद के लिए इन हेल्पलाइन पर करें फोन
स्कूल प्राचार्य फोन नंबर
जीएमएसएसएस-10 जैसमीन जोष 0172-2740146
जीजीएमएसएसएस-18 राजबाला 0172-2700237
जीएमएसएसएस-28 रेणु शर्मा 0172-2679015
जीएमएसएसएस-35 देवेंद्र सिंह 0172- 2676006
ये रहेगा दाखिले का कार्यक्रम
प्रॉविजनल कॉमन मेरिट लिस्ट : 12 अगस्त, सुबह 11 बजे
उम्मीदवारों की ओर से ऑनलाइन आब्जेक्शन : 12 अगस्त साढ़े 11 बजे से 14 अगस्त दोपहर 1 बजे तक
स्कूल और विषयों के साथ अलॉटमेंट लिस्ट : 19 अगस्त, दोपहर 12 बजे
फीस जमा करने की तिथि : 19 अगस्त दोपहर एक बजे से 22 अगस्त रात 12 बजे तक
कक्षाएं शुरू होने का समय : 23 अगस्त