चंडीगढ़। पीजीआई में सिर्फ अप्रैल माह में ही 478 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें से 40 से ज्यादा डॉक्टर शामिल हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से आधे से ज्यादा ने क्वारंटीन का समय पूरा कर लिया है। पीजीआई प्रशासन के अनुसार इनमें अलग-अलग विभागों के डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर, टेक्निकल स्टाफ व अन्य कर्मचारी शामिल हैं, जो कोविड-19 अस्पताल में ड्यूटी के दौरान व अन्य विभागों में संक्रमण की चपेट में आकर पॉजिटिव हुए हैं। फिलहाल इनमें से किसी की स्थिति गंभीर नहीं है।
15 अप्रैल को 250 थी संख्या
पीजीआई प्रशासन के अनुसार 15 अप्रैल तक पीजीआई के 253 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित थे। शहर में बढ़ते संक्रमण के साथ ही पीजीआई में भी संक्रमण का ग्राफ तेजी से बड़ा और देखते-देखते महज 15 दिनों में यह आंकड़ा 478 पर पहुंच चुका है।
2500 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारी कर रहे ड्यूटी
पीजीआई के सिर्फ कोविड-19 अस्पताल में ढाई हजार से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी कर रहे हैं। इन्हें अलग-अलग शिफ्ट में कोविड-19 आईसीयू, आइसोलेशन वार्ड, सारी वार्ड में ड्यूटी पर लगाया गया है। बता दें कि पीजीआई के कोविड अस्पताल में मौजूदा समय में 321 मरीज भर्ती है। इसमें चंडीगढ़ के साथ ही पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, राजस्थान, जम्मू कश्मीर के कोरोना के गंभीर मरीज शामिल हैं।
अब तक कोरोना पॉजिटिव : पीजीआई में 1457, जीएमसएच-16 में 180 और जीएमसीएच-32 में 150
कोरोना महामारी के दौरान 2020 से अब तक पीजीआई के कुल 1724 स्वास्थ्य कर्मचारी पॉजिटिव हो चुके हैं। पीजीआई प्रशासन ने अब तक इनमें से किसी के मौत की पुष्टि नहीं की है। इसके अलावा जीएमएसएच- 16 से अब तक 180 व जीएमसीएच- 32 से 150 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
पीजीआई प्रशासन अपने सभी स्वास्थ्यकर्मी के लिए पीपीई किट, एन95 मास्क, ग्लव्स, फेस शील्ड और सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित की है, फिर भी मरीजों के संपर्क में आने के दौरान अनजाने में की गई जरा सी लापरवाही इन्हें पॉजिटिव कर रही है।
-डॉ. जीडी पुरी, कोविड प्रभारी, पीजीआई