मलयेशिया भेजने का झांसा देकर इम्रिगेशन कंपनी ने पंजाब के एक युवक से पौने तीन लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने बुधवार को ठगी की शिकायत सेक्टर-17 थाने में दर्ज करवाई है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
गुरदासपुर निवासी पलविंद्र सिंह ने बताया कि 2014 में वह विज्ञापन देखकर सेक्टर-22 स्थित इमिग्रेशन कंपनी में आए थे। इस दौरान उनकी मुलाकात कंपनी चलाने वाले शेर सिंह से हुई। शेर सिंह ने बताया कि मलयेशिया भेजने में कुल 2.75 लाख रुपये का खर्चा आएगा।
इसके बाद आरोपी ने उसका पासपोर्ट व संबंधित दस्तावेज जमा करवा लिया। उन्होंने एडवांस के तौर पर 25 हजार रुपये लिए। शेर सिंह ने उसको 25 हजार की रसीद भी दी और वादा किया कि कुछ ही दिन बाद आपका वीजा लग जाएगा।
फर्जी वीजा का कॉपी दिखा वसूले रुपये
शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ दिनों के बाद आरोपी ने उन्हें बुलाकर मलयेशिया के वीजा की कॉपी दिखाई। उसने बताया कि आप तैयारी कर लो 2-4 दिनों में मलयेशिया जाना है। उसी समय वीजा की कॉपी दिखाए जाने के बाद आरोपी ने बाकी के 2.50 लाख रुपये भी ले लिए। इसके बाद आरोपी शेर सिंह ने शिकायतकर्ता से सभी संपर्क नहीं किया। बार-बार चक्कर लगाने के बाद पता चला कि वीजा की कॉपी आरोपी ने फर्जी तैयार करवाई थी। इसके बाद उसने शिकायत सेक्टर-17 थाने में दर्ज करवाई।