चंडीगढ़। एक लाख तीस हजार रिश्वत लेने के मामले में आरोपी गुरमीत सिद्धू और मुनीश गर्ग ने सीबीआई कोर्ट में अपनी डुप्लीकेट मोबाइल सिम इशू करने के लिए एप्लीकेशन दायर की है। कोर्ट ने सीबीआई को अगली तारीख तक एप्लीकेशन का रिप्लाई करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 7 सितंबर को होगी।
बीते 30 मई को सीबीआई को सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित केंद्रीय सदन मिनिस्ट्री ऑफ लेबर एंड इंप्लायमेंट कार्यालय के डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर महेश चंद शर्मा और लेबर इंफोर्समेंट अफसर विवेक नाइक कुछ प्राइवेट लोगों के साथ मिलकर बठिंडा स्थित निजी कंपनियों से लेबर लॉ और ईपीएफ को लेकर महीने के हिसाब से पैसे लेते हैं। सूचना पर सीबीआई ने जाल बिछाकर मामले में लेबर अधिकारियों समेत कुल पांच लोगों को पंचकूला के सेक्टर-10 से गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान महेश चंद्र शर्मा (डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर), विवेक नाइक (इंफोर्समेंट लेबर अफसर), गुरमीत सिद्धू (बिचौलिया), मुनीष गर्ग (बिचौलिया) और अखंड राज सिंह (कंपनी कर्मचारी) के रूप में हुई थी। सभी आरोपियों को सीबीआई कोर्ट में पेश कर पांच-पांच दिन का रिमांड लिया था।