चंडीगढ़। कुछ समय पहले तक कोरोना का संक्रमण बापूधाम और सेक्टर-30 तक ही सीमित था लेकिन अब शहर का करीब एक तिहाई हिस्सा कोरोना की चपेट में है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि अगर समय रहते संक्रमण नहीं रोका गया तो शहर की हर गली, मोहल्ले इसकी चपेट में होंगे।
जीएमएसएच-16 के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. वीके नागपाल का कहना है कि लोग कोरोना से बचाव के नियमों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं, जिसका खामियाजा उनके साथ उनका परिवार भुगत रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के दिमाग में यह बात घर कर गई है कि हमें संक्रमण क्यों होगा, उनकी यह सोच घातक साबित हो रही है। लोग घर से बाहर निकलने के बाद मास्क का प्रयोग सिर्फ खानापूरी के तौर पर कर रहे हैं, जबकि संक्रमण से बचाव में मास्क का रोल सबसे महत्वपूर्ण है। यह जागरुकता का ही असर है कि एक समय में कोरोना का गढ़ बन चुके बापूधाम में अब स्थिति नियंत्रण में है। वहां के लोग नियमों का पालन कर रहे हैं।
इन इलाकों में तेजी से बढ़ रहा संक्रमण
शहर के जिन इलाकों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है, उनमें उनमें धनास, मनीमाजरा, रामदरबार, बुड़ैल, दड़वा, बहलाना, रायपुर खुर्द, बडहेड़ी, पीजीआई के साथ ही सेक्टर-44, 51, 33, 20, 44, 52, 27, 32, 31 प्रमुख हैं। इन इलाकों से पिछले 20 दिनों से लगातार संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं।
अपनों के साथ बचाइए खुद की भी जान
डॉक्टर और विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना की बढ़ती चेन को तोड़ना बहुत जरूरी हो गया है। अगर यह क्रम जारी रही तो चंद दिनों में शहर के लगभग सभी इलाके संक्रमण की चपेट में होंगे। ऐसे में जरूरी है कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क, सैनिटाइजर, ग्लव्ज का प्रयोग करें और बाहर से घर आने के बाद खुद को अच्छी तरह से सैनिटाइज करके अपने परिवार के सदस्यों के संपर्क में आएं। बता दें कि लोगों की लापरवाही से कई ऐसे परिवार हैं, जिनमें एक सदस्य के संक्रमित होने के बाद सभी सदस्य पॉजिटिव पाए गए हैं।