अमर उजाला एक्सक्लूसिवकैफे में फायरिंग में आईजी उमरानंगल तलब, आज होगी पूछताछ
सेक्टर-10 के द विलो कैफे में गोली चलाने के मामले में आईजी के बेटे अंगद के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी से एसआईटी ने की पूछताछ
संदीप खत्री
चंडीगढ़। सेक्टर-10 के द विलो कैफे में गोली चलाने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने आईजी परमराज सिंह उमरानंगल को भी संदेह के घेरे में लिया है। उमरानंगल के बेटे अंगद पर गोली चलाने के आरोप के बाद पुलिस आईजी की भूमिका की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने उमरानंगल को समन जारी कर सेक्टर-3 थाने में सोमवार को पूछताछ के लिए तलब किया है। सूत्रों का कहना है कि अगर इस मामले में आईजी उमरानंगल की संलिप्तता मिली तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है।
एफआईआर के बाद दुबई कैसे गया, पूछताछ करेगी पुलिस
इस घटना के बाद अंगद का दुबई चले जाना पुलिस के लिए एक बड़ा सवाल है। पुलिस यह जांच कर रही है कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का बेटा होने के बावजूद एफआईआर दर्ज होने के बाद भी वह कैसे विदेश चला गया। अंगद को 10 अगस्त से पहले पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
शनिवार को दुबई से लौटा था अंगद, पकड़कर छोड़ा
अंगद को शनिवार शाम को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन विभाग ने हिरासत में लिया था। वह दुबई से वापस आ रहा था। पुलिस को सूचना मिलने पर जब वह एयरपोर्ट पहुंची तो अंगद ने अपनी अंतरिम जमानत के दस्तावेज़ दिखाए। इसके बाद पुलिस ने उसे 10 अगस्त से पहले जांच में शामिल होने के लिए कहा जिसे उसने लिखित रूप में स्वीकार किया। इस मामले में पुलिस ने अंगद के खिलाफ लुक आउट नोटिस (एलओसी) भी जारी किया था।
सुरक्षाकर्मी की भूमिका पर सवाल, पुलिस ने की पूछताछ
इस घटना में एक सुरक्षाकर्मी की भूमिका भी संदिग्ध है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि गोली चलाने के बाद आरोपी ने तुरंत पिस्टल को छिपा लिया था और वहां से भाग गए थे। उनके साथ एक खाकी वर्दी में सुरक्षाकर्मी भी था जिसने आरोपी का साथ दिया और उसे भागने में मदद की। एसआईटी ने घटना के दिन अंगद के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी से पूछताछ की है। पुलिस ने सुरक्षाकर्मी से पिस्टल के बारे में कई सवाल किए हैं। इस दौरान उसके बयान दर्ज किए गए। सूत्रों ने बताया कि अगर पिस्टल पुलिस को नहीं सौंपी गई तो सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, इस घटना के बारे में किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया है।
16 फरवरी को चलाई थी गोली
सेक्टर-3 थाना पुलिस ने द विलो कैफे के हेड शेफ बलबीर राम की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की थी। बलबीर ने बताया कि 16 फरवरी शाम करीब शाम बजे कैफे में चार युवक आए। कुछ देर बाद दो युवक एक सुरक्षाकर्मी के साथ आए और पहले आए चारों युवकों के साथ बैठ गए। सुरक्षाकर्मी गेट के बाहर खड़ा रहा। ऑर्डर के अनुसार उन्हें खाने-पीने का सामान सर्व कर दिया। करीब 5:35 बजे टैरेस की तरफ से जोरादार आवाज सुनाई दी। सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो एक युवक गोली चलाता नजर आया।
एसएसपी ने की एसआईटी गठित
इस पूरे मामले की जांच के लिए एसएसपी कंवरदीप कौर ने एसआईटी गठित की है। एसआईटी में डीएसपी उदयपाल, सेक्टर-3 थाना प्रभारी नरेंद्र पटियाल और लेक चौकी इंचार्ज एसआई परमिंदर सिंह को शामिल किया गया। इस मामले का नेतृत्व एसएसपी खुद कर रही हैं।