हरिंदर सिंह सेखों साल 2016, 2017 और 2020 में मिस्टर ओलंपिया रहे। वहीं, 2018 में वर्ल्ड पुलिस गेम्स में चंडीगढ़ पुलिस के लिए दो स्वर्ण पदक भी जीता था। इससे पहले साल 2014 में मिस्टर वर्ल्ड प्रतियोगिता में टॉप 5 में जगह बनाई थी।
मिस्टर ओलंपिया और वर्ल्ड चैंपियन हरिंदर सिंह सेखों को चंडीगढ़ पुलिस विभाग ने बीते शनिवार को वापस इंस्पेक्टर बना दिया। इस संबंध में आईजी आरके सिंह ने आदेश जारी करते हुए सब इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर प्रमोट कर उनकी पुरानी वरिष्ठता भी बहाल कर दी है।
विज्ञापन
सूत्रों की मानें तो सेखों के खिलाफ चल रही इंक्वॉयरी में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज करते हुए जांच में शामिल ही नहीं किया। दरअसल वर्ष 2023 में इंस्पेक्टर सेखों आपरेशन सेल में बतौर इंचार्ज तैनात थे। सीबीआई ने एक हिस्ट्रीशीटर की शिकायत पर ट्रैप लगाकर मनीष और स्क्रैप डीलर अनिल गोयल को सात लाख रुपये मांगने के मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में इस मामले में एक कांस्टेबल का नाम सामने आया था। इसी मामले में सेखों को सीबीआई ने उस समय जांच के दौरान क्लीनचिट दे दी थी लेकिन पुलिस विभाग की ओर से एक विभागीय जांच जारी थी।
बॉडी बिल्डिंग में कमाया नाम
हरिंदर सिंह सेखों साल 2016, 2017 और 2020 में मिस्टर ओलंपिया रहे। वहीं, 2018 में वर्ल्ड पुलिस गेम्स में चंडीगढ़ पुलिस के लिए दो स्वर्ण पदक भी जीता था। इससे पहले साल 2014 में मिस्टर वर्ल्ड प्रतियोगिता में टॉप 5 में जगह बनाई थी। सेखों चंडीगढ़ पुलिस में रहते हुए चंडीगढ़ की सबसे अहम यूनिट क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और साइबर सेल के इंचार्ज रहे।
कई गैंगस्टरों को पहुंचाया सलाखों के पीछे
हरिंदर सिंह सेखों ने 2005 में पीएमटी पेपर लीक मामले का खुलासा किया। साल 2006 में चर्चित अनुराधा मर्डर केस को सुलझाया। सोनू शाह मर्डर केस में 50,000 के इनामी बदमाश मोंटी शाह को गिरफ्तार किया। अरविंद सिंगला के घर पर गोलियां चलाने वाले लॉरेंस के गुर्गे करण और उसके साथी को 2 दिन में दबोचा था। सेखों ने सीआईए इंचार्ज रहते हुए लॉरेंस के करीब राजू बसौदी समेत कई गैंगस्टरों को केस में नामजद किया और गिरफ्तारियां कीं। इसके अलावा कई ब्लाइंड मर्डर और लूट की बड़ी वारदात जैसे तनिष्क लूटकांड , सेक्टर-23 में 2 करोड़ की लूट, केनरा बैंक की 4 करोड़ की लूट को सुलझाया। इसके लिए कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं।