रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) पांच सीरीज के बचे हुए वीआईपी नंबरों की खुली नीलामी 9 नवंबर को करेगा।
नीलामी सुबह 9:30 बजे से होगी। पहली बार आरएलए बचे हुए वीआईपी नंबरों की खुली नीलामी कर रहा है। इसी दिन सीएच-01-एवी सीरीज के 0001 नंबर की नीलामी भी दोबारा कराई जाएगी।
खुली नीलामी में हिस्सा लेने वाले आवेदकों को अपने साथ सेल लेटर और रेजिडेंस प्रूफ की कॉपी देनी होगी। खुली नीलामी के दौरान रिजर्व प्राइस की राशि नगद ही ली जाएगी। नीलामी में रखे जाने वाले वीआईपी नंबरों के बारे में जानकारी आरएलए कार्यालय से ली जा सकती है।
आरएलए के अधिकारियों के अनुसार सीएच-01-एआर सीरीज के 6, सीएच-01-एएस सीरीज के 14, सीएच-01-एटी सीरीज के 23, सीएच-01-एयू सीरीज के 17 और सीएच-01-एवी सीरीज के 123 वीआईपी नंबरों की नीलामी होगी।
आरएलए ने सीएच-01-एवी सीरीज के वीआईपी नंबरों की खुली नीलामी 19 और 20 अक्तूबर को की थी। इस नीलामी में कई नंबर बच गए थे। नीलामी में 7.01 लाख में 0001 नंबर लेने वाले आवेदक गगनदीप सिंह ने नंबर को सरेंडर कर दिया है। इसलिए आरएलए 0001 नंबर की नीलामी दोबारा करा रहा है।
ऐसा पहली बार हो रहा है, जब आरएलए को 0001 नंबर के लिए दोबारा से नीलामी करनी पड़ रही है। आरएलए कशिश मित्तल के अनुसार वीआईपी नंबरों के लिए इच्छुक लोगों को एक मौका और दिया जा रहा है ताकि खुली नीलामी में वह पिछली सीरीज के नंबर अपनी इच्छानुसार ले सकें।