पंजाब विश्वविद्यालय में यदि कोई फिल्म की शूटिंग करने का मन बना रहा है तो उसे मोटी रकम चुकानी होगी। बजट कितना लिया जाएगा, इस प्रस्ताव पर सिंडिकेट की बैठक में मुहर लगने जा रही है। इसके अलावा पीयू की अन्य शर्तें भी होंगी, जिनका पालन फिल्म निर्माताओं को पीयू कैंपस में करना होगा।
फिल्म की शूटिंग के लिए सिक्योरिटी एक लाख रुपये होगी। इसके अलावा प्रतिदिन का किराया 50 हजार रुपये हो जाएगा। लगभग 30 फीसदी किराया बढ़ाया गया है। सूत्रों का कहना है कि फिल्म निर्माता शूटिंग के दौरान धूम्रपान आदि का प्रयोग नहीं कर पाएंगे।
इसके अलावा हरियाली को कोई नुकसान नहीं होना चाहिए। कई अन्य नियम भी हैं जो पूरे करने होंगे। पीयू सिक्योरिटी से लेकर किराये में इजाफा इसलिए कर रहा है कि पीयू का फाइनेंसियल क्रंच दूर हो सके। यह पीयू का बड़ा निर्णय है।
आय से जुड़ा प्रस्ताव, मुहर लगना तय
सूत्रों का कहना है कि सिंडिकेट के कुछ मेंबर इस रकम को और बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पीयू के खजाने में पैसे आएंगे तो छात्र हित में खर्च होंगे और पैसे से पीयू अपने रिसर्च प्रोजेक्ट आदि का गति दे पाएगा। फिलहाल सिंडिकेट की बैठक में प्रस्ताव जाएगा और इस पर मुहर भी लगना तय मानी जा रही है। क्योंकि यह आय से जुड़ा प्रस्ताव है ऐसे में कोई भी सिंडिकेट मेंबर इसका विरोध नहीं करेंगे।