फेस्टिवल सीजन में नगर निगम ने पार्किंग में स्टॉल लगाने की मंजूरी नहीं देने का फैसला किया है। ज्वाइंट कमिश्नर राजीव गुप्ता ने अतिक्रमण हटाओ दस्ते को निर्देश जारी कर कहा है कि फेस्टिवल सीजन में अगर कोई पार्किंग में स्टॉल लगाता है तो उसका चालान काटा जाए। इसके साथ ही निगम ने पुलिस को पत्र लिखकर शाम सात बजे के बाद मोर्चा संभालने को कहा है।
अतिक्रमण हटाओ दस्ते के कर्मचारियों की ड्यूटी शाम सात तक होती है। ऐसे में पत्र में ट्रैफिक पुलिस को शाम सात से रात नौ बजे तक बाजारों में तैनात रहने के लिए कहा गया है ताकि किसी की स्टॉल पार्किंग में न लगने दिए जाएं। मंगलवार से तीन दिन के लिए करवा चौथ के कारण बाजारों में स्टॉल लगाने की मंजूरी दी जाएगी, जिसका नगर निगम पर्ची भी काटेगा।
मालूम हो कि अब तक सात बजे के बाद ड्यूटी समाप्त होते ही बाजार में फिर से अतिक्रमण हो जाता था। एसएसपी डॉ. सुखचैन सिंह गिल का कहना है कि उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं किसी भी बाजार की पार्किंग में स्टॉल न लगने दिए जाएं।
शाम सातबजे के बाद ही नहीं बल्कि पूरे दिन इस ओर ध्यान देने के लिए कहा गया है। चाहे उस समय निगम के कर्मचारी तैनात होंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि पार्किंग में स्टॉल लगाने वालों के खिलाफ मामले भी दर्ज किए जाएंगे।
दिवाली पर सीमित की जाएगी संख्या
दशहरे के मौके पर पार्किंग में स्टॉल लगाने की मंजूरी दिए जाने पर निगम की जमकर किरकिरी हुई थी, इसके बाद अब नगर निगम ने निर्णय लिया है कि इस बार सेक्टर-22 में स्टॉलों की संख्या को सीमित किया जाएगा, जबकि इससे पहले ढाई हजार स्टॉल की मंजूरी देने का निर्णय लिया था।
ज्वाइंट कमिश्नर ने ली बैठक
ज्वाइंट कमिश्नर ने सब इंस्पेक्टरों के साथ बैठक के दौरान कहा कि अगर उनसे काम नहीं हो रहा तो उनकी जगह इंजीनियरिंग विंग के कर्मचारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए लगा दिया जाए।
बैठक में ज्वाइंट कमिश्नर ने इंस्पेक्टर सुनील कुमार को यह सुनिश्चित करने को कहा कि पार्किंग में स्टाल लगाने के लिए पर्ची न काटी जाए। मंगलवार से करवाचौथ के लिए तीन दिन तक शुल्क लेकर स्टॉल की मंजूरी देने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
सामुदायिक केंद्र, स्कूल और डिस्पेंसरियां आज से खोली जाएंगी
प्रशासन और निगम की ओर से फेस्टिवल सीजन में बाजार की पार्किंग के अलावा वैकल्पिक पार्किंग स्थल भी चिन्ह्ति की है। निगम ने सेक्टर-15, 22, 19 और सात के बाजारों के आसपास के जिन सामुदायिक केंद्र, स्कूल और डिस्पेंसरियों की पार्किंग खोलने का निर्णय लिया गया था, को मंगलवार से खोल दिया जाएगा।
लेकिन इस पार्किंग में सुरक्षा के लिए कोई तैनात नहीं होगा, क्योंकि यहां पर न तो व्यापारी और न ही निगम अपने कर्मचारी तैनात करेगा। नगर निगम बाजारों की पार्किंग को नो व्हीकल जोन बनाने के बाद इन वैकल्पिक पार्किंग स्थलों को चलाने के लिए तैयार था, लेकिन प्रशासन ने निगम को यह पार्किंग स्थल निशुल्क करने को कहा है जबकि निगम इसे पेड करना चाहता था।
वीरेंद्र चौधरी, ज्वाइंट कमिश्नर, नगर निगम ने बताया कि करवा चौथ के कारण 27 से 29 तक तीन दिन के लिए स्टॉल लगाने की मंजूरी बाजारों में दी जा रही है, लेकिन पार्किंग में किसी को स्टॉल नहीं लगाने दिया जाएगा। करवा चौथ 30 अक्तूबर को है इसलिए व्यापारियों ने मांग की है कि उन्हें एक दिन पहले की मंजूरी दी जाए। इस कारण जो मंजूरी पहले 28 से 30 अक्तूबर तक के लिए दी जा रही थी, अब 27 से 29 के लिए दी जा रही है।