डेरा मुखी मामले में पांच तख्तों के जत्थेदारों से त्यागपत्र मांगने वाले श्री अकाल तख्त साहिब के पंज प्यारों को निलंबित करने का फैसला वापस ले लिया गया है।
एसजीपीसी अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने पंज प्यारों को उनके पदों पर बहाल कर दिया है। यह जानकारी एसजीपीसी के सचिव दिलजीत सिंह बेदी ने दी। बेदी ने बताया कि एसजीपीसी अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने अंतरिंग कमेटी की ओर से मिले अधिकारों का उपयोग करते हुए पंज प्यारों को बहाल कर दिया है।
अब वह पहले की ही तरह अपनी सेवाएं जारी रख सकेंगे। यह आदेश अंतरिंग कमेटी की बैठक से एक दिन पहले जारी किए गए हैं।
पहले सिरसा मामले और फिर पंज प्यारों के मामले को लेकर दुनिया भर में हुए विरोध से अकाली दल को आखिर बैकफुट पर आना ही पड़ा। वहीं पंज प्यारों की बहाली के बाद संभावना बनने लगी है कि अब एसजीपीसी पांच तख्तों के जत्थेदारों के त्यागपत्र भी ले लेगी।