चंडीगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 21 जून से सभी लाभार्थियों के लिए एक ही वर्ग में टीका लगाने की सुविधा शुरू हो जाएगी। इसके अंतर्गत 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लाभार्थियों को एक ही अनुपात में टीका लगाया जाएगा। इसके अंतर्गत 18 से 44 साल के लाभार्थियों के लिए स्लॉट बुकिंग की अनिवार्यता समाप्त कर दी जाएगी। लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार स्लॉट की बुकिंग कर टीका लगवा सकेंगे।
वहीं जो लाभार्थी खुद स्लॉट बुक करने में असमर्थ होंगे, वे दोपहर 12 से 2 बजे के बीच नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर टीका लगवा सकेंगे। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्लॉट बुकिंग की अनिवार्यता को समाप्त किया गया है। अभियान के अंतर्गत सोमवार को शहर के सभी 126 सेंटरों पर प्रत्येक वर्ग के लिए टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
स्लॉट बुकिंग रहेगी जारी
सरकार के निर्देशानुसार लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिना स्लॉट के टीकाकरण व्यवस्था के साथ में स्लॉट बुकिंग की सुविधा भी जारी रहेगी। प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक स्लॉट बुकिंग वाले लाभार्थियों को टीका लगाया जाएगा। भारत सरकार के निर्देशानुसार टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए 21 जून से सभी लाभार्थियों को एक ही वर्ग में टीका लगाया जाएगा। ऐसे में जो भी लाभार्थी बुकिंग करवाकर टीका लगवाने में असमर्थ हैं, वे अपने नजदीकी केंद्र पर दोपहर 12 बजे के बाद जाकर टीका लगवा सकते हैं।
घर के नजदीक वाले केंद्र पर लगेगा टीका
डॉ. कंग ने बताया कि अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों को इस बात का खास ख्याल रखना होगा कि स्लॉट बुकिंग न होने पर दोपहर 12 बजे के बाद उन्हें अपने घर के सबसे नजदीकी केंद्र पर ही टीका लगवाने की सुविधा मिलेगी। ऐसे में दूर के अन्य सेंटरों पर जाने की गलती न करें। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके घर के नजदीकी केंद्र पर टीकाकरण की समुचित व्यवस्था की गई है।
अब तक 4.49 लाख को लगा टीका
टीकाकरण अभियान के अंतर्गत अब तक शहर में 449127 लाभार्थी को टीका लग चुका है। इसमें 25,161 हेल्थ केयर वर्कर को पहली व 14744 को दूसरी खुराक दी गई है। वहीं 22845 अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को पहली व 14,458 को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।वहीं 18 से 44 साल के 130440 लाभार्थी को पहली व 160 को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। 45 से ज्यादा उम्र के 115171 को पहली व 13641 को दूसरी खुराक लगाई जा चुकी है। वहीं 60 साल से ज्यादा उम्र के 78394 लाभार्थी को पहली व 34215 को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।