चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 में सोमवार से सर्जरी शुरू कर दी जाएगी। सबसे पहले प्रतीक्षारत मरीजों को तारीख देकर उनका ऑपरेशन किया जाएगा। वहीं, सीमित संख्या में नए मरीजों का भी पंजीकरण किया जाएगा।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर गर्ग ने बताया कि कोरोना संक्रमण की कम हुई दर को देखते हुए पुन: सर्जरी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सभी विभागों के प्रमुखों को निर्देशित कर दिया गया है। वह उन मरीजों की सर्जरी पहले करेंगे, जिन्हें मार्च में या उससे पहले सर्जरी की तारीख दी गई थी। वहीं नए मरीजों को भी राहत देने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए पुराने मरीजों के साथ ही इक्का-दुक्का नए मरीजों का पंजीकरण किया जाएगा ताकि उन्हें भी इलाज मिलने में विलंब न हो।
डॉक्टर गर्ग ने बताया कि अन्य मरीजों को परामर्श देने का क्रम पहले की ही तरह टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से जारी रहेगा। प्रशासन के निर्देशानुसार, ओपीडी खोलने का निर्णय भी शीघ्र लिया जाएगा। बता दें कि कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण अस्पताल प्रशासन ने मार्च में ही सर्जरी और ओपीडी बंद करने का निर्णय लिया था। इसके बाद से केवल इमरजेंसी व ट्रॉमा के मरीजों की सर्जरी की जा रही थी। वहीं टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है। मौजूदा समय में शहर में कोरोना संक्रमण दर काफी कम हो गई है। इसके मद्देनजर नॉन कोविड- मरीजों को इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिया गया है।
जीएमएसएच-16 में नेत्र व ईएनटी की ओपीडी भी आज से शुरू
मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जीएमएसएच-16 में सोमवार से नेत्र व ईएनटी की ओपीडी भी शुरू करने का निर्णय लिया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि संक्रमण को ध्यान में रखते हुए फिलहाल दोनों ही ओपीडी में सीमित संख्या में मरीज देखे जाएंगे। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके नागपाल ने बताया कि मौजूदा समय में ब्लैक फंगस के मरीजों को ध्यान में रखते हुए ईएनटी व आई की इमरजेंसी ओपीडी का संचालन किया जा रहा था, लेकिन अब ब्लैक फंगस की स्थिति भी नियंत्रण में है। ऐसे में नॉन कोविड-मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए सीमित संख्या में दोनों की ओपीडी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन के निर्देशानुसार मरीजों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा। डॉ. नागपाल ने बताया कि डेंटल की ओपीडी का संचालन फिलहाल नहीं किया जाएगा।