चंडीगढ़। पासपोर्ट के आवेदक अब दलालों के चंगुल में नहीं आएंगे। साथ ही दलालों पर भी क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय शिकंजा सकने जा रहा है। हर आवेदन में डाले गए मोबाइल नंबर की जांच कर रहा है। मोबाइल नंबर असली आवेदक का होने पर ही आवेदन को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पिछले दिनों क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को संदेह हुआ था कि दलाल लोगों को अपने चंगुल में फंसा रहे हैं। वह उनसे फार्म आदि भरवाते हैं और मोबाइल नंबर आदि आवेदक का नहीं डालते, क्योंकि पासपोर्ट बनने के बाद दलाल सीधे आवेदकों से पैसे लेते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से हर आवेदन की जांच गहनता से शुरू कर दी। कुछ दलालों पर शिकंजा भी कसा गया। उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए विभाग के अधिकारी मोबाइल नंबर, पता, ईमेल आईडी आदि की जांच कर रहे हैं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शिवास कविराज का कहना है कि कुछ आवेदकों को दलाल अपने चंगुल में फंसा लेते हैं, इसलिए हम आवेदनों की जांच गहनता से कर रहे हैं। कुछ दलालों पर कार्रवाई भी की गई है। लोग किसी दलाल के चक्कर में न आएं, आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है, वे वेबसाइट पर जाकर कर सकते हैं।