चंडीगढ़। यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सीईओ यशपाल गर्ग (आईएएस) को जीएमसीएच-32 में कोविड प्रबंधन का प्रभारी बनाया है। यशपाल गर्ग को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि जीएमसीएच-32 में कोरोना के मरीजों का सही ढंग से इलाज हो और उन्हें किसी चीज की कमी न हो।
मनोज परिदा की ओर से जारी आदेश के अनुसार यशपाल गर्ग जीएमसीएच-32 की निदेशक जसबिंदर कौर और चिकित्सा अधीक्षक के सहयोग से यह सुनिश्चित करेंगे कि जीएमसीएच-32 में कोरोना मरीजों को बेड, दवाइयों, डॉक्टरों व अन्य सुविधाओं की कमी न हो। इस मामले में यशपाल गर्ग स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता को समय-समय पर रिपोर्ट देंगे। परिदा ने यशपाल गर्ग की मदद के लिए पीसीएस सौरभ अरोड़ा की जिम्मेदारी लगाई है। गौरतलब है कि पिछले साल प्रवासी मजदूरों को घर भेजने की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन ने यशपाल गर्ग को सौंपी थी। यशपाल गर्ग और सीएचबी के कर्मचारियों ने करीब एक महीने तक मजदूरों को उनके घर भेजने का काम किया था। इसके अलावा यशपाल गर्ग की निगरानी में ही चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने सेक्टर-52 और 56 की टीन शेड कॉलोनी को खाली करवाकर कोरोना काल में 1704 परिवारों को मलोया में मकान सौंपा।