चंडीगढ़। सेक्टर-37 स्थित बाजार के सामने मंगलवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने आइसक्रीम विक्रेता को लूटने की कोशिश की। आइसक्रीम विक्रेता ने हिम्मत दिखाई तो लुटेरे उसके सिर पर ईंट मारकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां घायल आइसक्रीम विक्रेता के सिर में कई टांके लगे। उधर, रविवार देर रात भी पीजीआई से खुड्डा लाहौरा पुल के रास्ते पर एक आइसक्रीम विक्रेता के सिर पर पत्थर मारकर कार सवार फरार हो गए।
सेक्टर-52 स्थित कजहेड़ी निवासी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि वह आइसक्रीम बेचते हैं। मंगलवार देर रात करीब एक बजे सेक्टर-37 स्थित बाजार के सामने बाइक सवार दो युवक आए और आइसक्रीम मांगी। उन्होंने कहा कि आइसक्रीम खत्म हो गई है। इसके बाद एक युवक उनकी जेब से पैसे निकालने लगा। विरोध किया तो बाइक दूसरे युवक ने उनके सिर पर ईंट मार दी। उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और चिल्लाकर लोगों से मदद मांगने लगे। यह देख बाइक सवार घबरा गए और भाग निकले। जितेंद्र ने उनका पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आए। जितेंद्र ने बताया कि बाइक सवार कुछ मिनट बाद फिर आए, लेकिन भीड़ देख फरार हो गए।
कार सवार कुछ युवकों ने उनका पीछा किया और वीडियो बनाकर बाइक का नंबर (सीएच01सीजी4903) नोट किया। दोनों युवक चौक से रांग साइड होते हुए सेक्टर-25 की कॉलोनी में घुस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जितेंद्र पुलिस को शिकायत देने से घबरा रहा था। घटना के बाद कई आइसक्रीम वाले मौके पर इकट्ठे हो गए। उनके कहने पर जितेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी। 112 पर सूचना देने के बाद पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। कार सवारों ने पीसीआर कर्मी को लुटेरों की बाइक का नंबर नोट करवा दिया। घायल जितेंद्र को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके सिर में कई टांके आए हैं।पुलिस अब जांच कर रही है। फिलहाल अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।