हरियाणा कैडर के आईएएस डी. सुरेश
- फोटो : File Photo
हरियाणा कैडर के आईएएस डी. सुरेश चंडीगढ़ के नए होम सेक्रेटरी हो सकते हैं। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने उनके नाम की सिफारिश कर फाइल गृह मंत्रालय भेज दी है। यदि गृह मंत्रालय उनके नाम पर मुहर लगाता है तो जनवरी 2018 से उनका कार्यकाल शुरू हो जाएगा। चंडीगढ़ के मौजूदा गृह सचिव अनुराग अग्रवाल का कार्यकाल इसी साल खत्म हो रहा है। डी सुरेश कुमार साल 1995 बैच के आईएएस हैं और इस समय वे गुरुग्राम में कमिश्नर के तौर पर तैनात हैं।
यूटी में गृह सचिव का पैनल हरियाणा से आता है। यूटी प्रशासन ने अगस्त के पहले हफ्ते में हरियाणा सरकार से होम सेक्रेटरी की पोस्ट के लिए आईएएस अफसर का पैनल मांगा था। हरियाणा की ओर से तत्काल तीन आईएएस आफिसर का नाम भेज दिया गया। पैनल में पहला नाम आईएएस डी सुरेश, दूसरा नाम आईएएस प्रवीण कुमार और तीसरा नाम अमनीत पी कुमार। सूत्रों का दावा है कि पैनल में डी सुरेश कुमार का नाम सबसे ऊपर था। उनके पास प्रशासनिक अनुभव काफी है। वर्ष 2007 में वे ब्रिटेन में पब्लिक एडमिनिट्रेशन और वर्ष 2009 में आस्ट्रेलिया में एंटी करप्शन पर भी ट्रेनिंग ले चुके हैं।
दूसरे नंबर पर आईएएस प्रवीण कुमार का नाम था। वे इस समय हरियाणा सरकार में डायरेक्टर आरकाइव हैं। पैनल में तीसरा नाम 2001 बैच की आईएएस अमनीत पी कुमार का है। मूल रूप से पंजाब की रहने वाली अमनीत मौजूदा समय में एनएचएम की डायरेक्टर हैं। 20 जून 2005 को आईएएस अमनीत पी कुमार का सिक्किम कैडर से हरियाणा कैडर में ट्रांसफर किया गया है। पैनल में शामिल एक अधिकारी के खिलाफ विजिलेंस में जांच चल रही है। इस वजह से उनके नाम पर मुहर नहीं लग पाई।