चंडीगढ़। बुडै़ल स्थित सूर्या होटल के पास एक व्यक्ति पर कुछ लोगों ने डंडों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं जब उसकी पत्नी ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर बदसलूकी शुरू कर दी। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर स्थानीय निवासी मनु बत्ता, सचिन और सृष्टि को गिरफ्तार कर लिया है जबकि शिवम, काकू, मनीष समेत अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह बुडै़ल में परिवार समेत रहती है। बीती रात वह पति के साथ हॉस्पिटल जा रही थी। आरोप है कि बुड़ैल के सूर्या होटल के नजदीक आरोपी शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे थे और बेवजह उसके पति अंकुश के साथ बहसबाजी करने लगे। विरोध करने पर मनु बत्ता, सचिन, शिवम, काकू और मनीष समेत अन्य आरोपियों ने डंडों से उसके पति की पिटाई कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान जब उसने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर उसके साथ भी बदसलूकी शुरू कर दी। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अंकुश को जीएमसीएच-32 पहुंचाया। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 354, 354ए, 395, 188 और 308 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
पड़ोसियों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप
उधर, सेक्टर-41 के रहने वाले अरुण कुमार ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले विजय कांत ने अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अरुण को तुरंत जीएमएस एच-16 में भर्ती करवाया। शिकायत के आधार पर सेक्टर 39 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इन दोनों का आपस में पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका है।