मौलीजागरां में शनिवार को अलसुबह करीब 3 बजे कार की टक्कर से ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बलटाना निवासी कृपाल के रूप में हुई है। मौलीजागरां पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौलीजागरां थाना प्रभारी बलदेव कुमार के मुताबिक कृपाल सिंह शनिवार सुबह ऑटो चालक अपने घर बलटाना की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह मौलीजागरां से रायपुर कलां रोड पर पहुंचा तो किसी कार ने उसके ऑटो को साइड मार दी। टक्कर लगने के बाद वह नीचे गिर गया और ऑटो उसके ऊपर पलट गया। घटनास्थल से कार चालक फरार हो गया। किसी राहगीर ने पुलिस कंट्रोल रूम पर हादसे की सूचना दी।
पुलिस ने उसे ऑटो के नीचे से निकाला और तुरंत पीजीआई में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। रविवार को मृतक के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।