हुडा के सभी सेक्टरों का पूरा ब्योरा ऑनलाइन हो गया है। इससे संबंधित पूरी जानकारी इंटरनेट के माध्यम से देखी जा सकती है। सेक्टर में प्लॉट लेने वालों को सभी सुविधाएं ऑनलाइन दी जाएंगी, प्लॉट का नक्शा भी ऑनलाइन बनवाया जा सकेगा।
इस तरह सबकुछ ऑनलाइन होने से प्लॉट मालिकों को हुडा कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। हुडा के सभी सेक्टर नंबर-1, 3, 4, 5, 6, 14, 2-3-4 पी, 2-3 पी, 2 पी, 4 एक्सटेंशन, सीयूई और एमएससी ऑनलाइन हो गए हैं। इन सेक्टरों के सभी प्लॉट इंटरनेट पर देखे जा सकते हैं।
हुडा के स्टेट ऑफिसर महेंद्रपाल ने बताया कि हुडा के सेक्टर में प्लॉट लेने वाले अपनी किस्त भी ऑनलाइन ही जमा कर सकते हैं। अपने प्लॉट का नक्शा बनवाने के लिए भी वह ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उसके लिए आर्किटेक्ट को अपने प्लॉट का साइज व अन्य जानकारियां भी ऑनलाइन देनी जरूरी हैं।
इसके लिए हुडा की वेबसाइट पर अलग से लिंक उपलब्ध हैं। अगर किसी को नक्शा बनवाना है तो वह आर्किटेक्ट पर क्लिक करके आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन पेमेंट पर क्लिक करके बैंक के माध्यम से हुडा में प्लाट की किश्त जमा की जा सकती है। इस तरह प्लाट मालिकों को हुडा के कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा।