हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन पांच और छह जनवरी को हुई एचटेट परीक्षा का परिणाम 18 फरवरी को घोषित करने की तैयारियों में जुटा है। करीब 3.38 लाख परीक्षार्थियों ने एचटेट परीक्षा दी थी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड रिकार्ड न्यूनतम समय में परिणाम घोषित करने की तैयारियों में जुटा है और बोर्ड अधिकारियों की माने तो 18 फरवरी को एचटेट का परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सकता है।
पांच और छह जनवरी को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में एचटेट परीक्षा हुई थी। सभी केंद्रों पर गहन जांच के अलावा परीक्षा की वीडियोग्राफी भी करवाई गई थी और दो दफा अंगूठों के निशान भी लिए गए ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
करीब 10 फीसदी थे गैर हाजिर
प्रदेशभर से एचटेट परीक्षा के लिए 3 लाख 76 हजार 375 परीक्षार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। जिनमें से करीब 10 फीसदी गैर हाजिर रहे। करीब तीन लाख 38 हजार 700 ने परीक्षा दी। करीब 464 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। लेवल दो बीएड यानी टीजीटी की परीक्षा करीब एक लाख 28 हजार परीक्षार्थियों, जेबीटी परीक्षा करीब एक लाख 17 हजार परीक्षार्थी और लेवल तीन की परीक्षा में करीब 93 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी।
हमारा प्रयास है कि 18 फरवरी तक एचटेट की परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाए। एचटेट परीक्षा प्रशासन और कर्मचारियों, अधिकारियों के सहयोग बेहतर तरीके से हुई थी। परिणाम की तैयारियां चल रही हैं।
- डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड