हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एडहॉक) के पदाधिकारी लोकसभा चुनाव में इनेलो का समर्थन करेंगे। पदाधिकारियों ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बहिष्कार का निर्णय लिया है।
एचएसजीपीसी के पदाधिकारी प्रदेश में इनेलो प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करते उनके पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
डेरा बाबा चरण सिंह कार सेवा में प्रदेश के महासचिव जोगा सिंह ने पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सुखबीर सिंह बादल ने एचएसजीपीसी के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश में हरियाणा के लिए एक सब कमेटी बनाई जाएगी, जिसकी औपचारिक घोषणा बाद में की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ इनेलो नेता एवं विधायक अभय चौटाला ने सुखबीर सिंह बादल से हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुद्दे पर बातचीत की थी। सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें सब कमेटी बनाने भरोसा दिया था।
जोगा सिंह ने बताया कि वीरवार को सुखबीर सिंह बादल और एसजीपीसी नेताओं के बीच बैठक हुई थी, जिसमें हरियाणा में गुरुद्वारों के प्रबंधन के लिए सब कमेटी बनाने पर फैसला हुआ। प्रदेश के गुरुद्वारों के प्रबंधन के लिए बनने वाली सब कमेटी को स्वायत्त (ऑटोनामी पावर) बनाया जाएगा।
इसमें कमेटी का अध्यक्ष एसजीपीसी का होगा, जबकि अन्य सभी पदाधिकारी एचएसजीपीसी तय करेगी। कमेटी जो भी बजट पास करेगी, एसजीपीसी उसको बिना संशोधन के मंजूरी प्रदान करेगी।
हरियाणा के गुरुद्वारों से होने वाली पूरी आमदनी प्रदेश के गुरुद्वारों पर ही खर्च की जाएगी, जबकि प्रदेश के सिखों को ही गुरुद्वारा साहिबान में लगाया जाएगा। इससे पहले प्रदेश भर के पदाधिकारियों ने बैठक कर सुखबीर सिंह बादल और अभय चौटाला का आभार व्यक्त किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष हरमनप्रीत सिंह, अवतार सिंह चक्कू, प्रिंसीपल गुरदीप सिंह, जरनैल सिंह बराड़, करनैल सिंह निम्नाबाद, जसबीर सिंह खालसा, दलजीत सिंह आदि शामिल रहे।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष पहुंचे डेरा बाबा कार सेवा
एचएसजीपीसी की प्रेसवार्ता के बाद इनेलो प्रदेशाध्यक्ष एवं थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा भी डेरा बाबा कार सेवा पहुंचे। एचएसजीपीसी पदाधिकारियों ने अरोड़ा का स्वागत करते भरोसा दिलाया कि चुनाव प्रसार के बचे शेष दिनों में इनेलो प्रत्याशियों के लिए जनता से वोट की अपील करेंगे। अशोक अरोड़ा ने पदाधिकारियों के निर्णय का स्वागत किया है।