हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) के प्रधान जगदीश झींडा ने कहा कि एचएसजीपीसी में कोई भी बदलाव नहीं किया जा सकता है। विधानसभा में साल 2014 में पास होने के बाद राज्यपाल की मान्यता के बाद इसका संवैधानिक तरीके से गठन किया गया था। इसके अलावा सभी खबरें निराधार हैं। उन्होंने कहा कि कमेटी में फूट डालने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
जगदीश झींडा रविवार को नामधारी गुरुद्वारा में एचएसजीपीसी की आवश्यक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता एचएसजीपीसी के जिलाध्यक्ष मालिक सिंह ने की। इस दौरान कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि कमेटी में कोई भी बदलाव सिख संगत बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के गुरु घरों की सेवा संभाल हरियाणा की सिख संगत करेगी, इसके लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं। श्री अकाल तख्त पर पेश होने पर कहा कि सिख धर्म की सर्वोच्च संस्था की धार्मिक सर्वोच्चता को मंजूर किया है। वह एचएसजीपीसी की मजबूती के लिए वचनबद्ध हैं।