श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से भेजी दस सदस्यीय कमेटी हरियाणा में अलग एसजीपीसी के गठन पर अड़े जगदीश सिंह झींडा और दीदार सिंह नलवी को नहीं मना सकी। श्री अकाल तख्त की कमेटी ने दोनों नेताओं को अटार्नी पॉवर देकर हरियाणा में सब कमेटी बनाने का ऑफर दिया लेकिन एचएसजीपीसी समर्थक इसे मानने को तैयार नहीं हुए।
शिरोमणि अकाली दल हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तजिंदरपाल सिंह ढिल्लो की कोठी पर हुई गोपनीय बैठक में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एडहॉक) के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा और महासचिव दीदार सिंह नलवी सहित अन्य समर्थकों को इस ऑफर को ठुकरा दिया है।
सूत्रों के अनुसार, श्री अकाल तख्त के प्रतिनिधिमंडल और अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक में पंथक विषयों पर तो विस्तार से चर्चा हुई हो, लेकिन प्रतिनिधिमंडल द्वारा अलग कमेटी के स्थान पर अटार्नी पॉवर देकर सब कमेटी बनाने जाने का जो सुझाव दिया गया, उसे नकार दिया गया है।