चंडीगढ़ में हिमाचल रोडवेज की बस की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि महिला का पति बाल-बाल बच गया। हादसा मंगलवार शाम को सेक्टर-43 बस स्टैंड चौक पर हुआ है।
चंडीगढ़ में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस की टक्कर से महिला की मौत हो गई। सेक्टर-43 बस स्टैंड चौक पर मंगलवार शाम सड़क हादसे में मोहाली निवासी एक बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। हिमाचल रोडवेज की बस ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे दंपती सड़क पर जा गिरे। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया।
विज्ञापन
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सेक्टर-16 जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका शीला पीटर सेक्टर-79, मोहाली में रहती थीं। हादसा मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुआ।
मृतका के पति पीटर डेनियल ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी को लेकर सेक्टर-22 से सेक्टर-79 स्थित घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सेक्टर-43 बस स्टैंड चौक पर पहुंचे, नगरोटा जा रही हिमाचल रोडवेज की बस ने पीछे से उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और पीछे बैठी शीला को सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही सेक्टर-36 थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बस चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक बाधित रहा। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।