चंडीगढ़। जनगणना-2027 की तैयारियों पर बुधवार को यूटी सचिवालय सेक्टर-9 में दूसरी स्टेट लेवल सेंसस को-ऑर्डिनेशन कमेटी (एसएलसीसीसी) की बैठक हुई। मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन 1 मई से 30 मई 2026 तक 30 दिनों तक चलेगा। साथ ही 16 से 30 अप्रैल तक 15 दिनों की स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की लोगों को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जल्द इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। जनगणना से जुड़ी पूर्व तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और बजटीय व्यवस्था का लेखा-जोखा तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद ने बताया कि डिजिटल जनगणना की दिशा में अधिकारियों को प्रशिक्षित और जागरूक करने के लिए 25 फरवरी को एक दिवसीय कैंप आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधान जनगणना अधिकारी (डिप्टी कमिश्नर) सहित चार्ज अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। इसका उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनगणना को सुचारू रूप से संपन्न करना है।
सारंगपुर और सेक्टर-22 में प्री टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा
प्री-सेंसस गतिविधियों की समीक्षा के दौरान डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि सारंगपुर और सेक्टर-22 में प्री-टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। मुख्य जनगणना की तैयारियां भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर मास्टर ट्रेनर्स और फील्ड ट्रेनर्स टीम तैयार की जा रही है। प्रशिक्षण सत्र फरवरी 2026 के तीसरे सप्ताह से शुरू किए जाएंगे। बैठक में बजट और बुनियादी ढांचे की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।