चंडीगढ़। सेक्टर-52 कजेहड़ी स्थित दिलजोत होटल के संचालक बीरू ने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। बीरू ने इस संबंध में सेक्टर-49 थाना पुलिस को शिकायत सौंपी है। शिकायत में उन्होंने कहा कि जेल में बंद सूरज उर्फ भोलू की मां ने उनकी पत्नी को धमकाते हुए कहा कि अभी तो सिर्फ ट्रेलर दिखाया है। विक्की को तो केवल गोलियां मारी हैं लेकिन तुम्हारे पति को जान से मार देंगे।
पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
इस मामले में जब सेक्टर 49 थाना पुलिस से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामूली झगड़ा हुआ था। इस संबंध में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस दूसरी पार्टी के साथ मिली है इसलिए समझौते की बात कहकर आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। बीरू ने कहा कि इस तरह की धमकियों के बाद से उनका परिवार डरा और सहमा है। बीरू ने कहा कि उन्हें पुलिस से कोई सुरक्षा नहीं मिली है और अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अनहोनी की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बीरू ने बताया कि वे सोमवार को पुलिस हेडक्वार्टर जाकर वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे और औपचारिक रूप से सुरक्षा की मांग करेंगे।
सेक्टर-49 थाना पुलिस ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सूरज और विकास ने करवाए थे हमले
यह मामला 25 सितंबर की सुबह का है। उस दिन मोहाली फेज-2 में बाउंसर विक्की पर फायरिंग की गई थी। इसके कुछ घंटे बाद सेक्टर-52 कजेहड़ी स्थित बीरू के होटल पर भी गोलियां चलाईं गई थीं। इस वारदात के बाद ऑपरेशन सेल ने बुड़ैल के रहने वाले अमन और रित्विक भारद्वाज को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया था कि जेल में बंद भोलू और विकास के कहने पर उन्होंने मोहाली और चंडीगढ़ में फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था।
अमन और ऋत्विक को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई पुलिस
बुडैल चौकी पुलिस अमन और रित्विक को प्रोडक्शन वारंट पर बुडैल जेल से लेकर आई है। दोनों ने राखी के दिन बुडैल में अमनप्रीत नाम के युवक से मारपीट कर उस पर चाकू से हमला किया था। बुडैल चौकी इंचार्ज गुरजीवन सिंह खुद आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर किया है।
इस मामले में दोनों पहले से फरार थे। चंडीगढ़ और मोहाली में हुई फायरिंग के बाद दोनों गिरफ्तार किए गए थे।