चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के होटल मैनेजमेंट में इस बार स्नातक कक्षाओं की सीटें फुल हो गई हैं, लेकिन परास्नातक कोर्सेज के लिए विद्यार्थी ढूंढने से भी नहीं मिल रहे हैं। हालांकि कुछ आवेदन विभाग को मिले हैं, लेकिन वह नाकाफी हैं।
पीयू के इस विभाग की साख एक समय में दूर-दूर तक थी। कोरोना से पहले स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए भी युवाओं को संदेश भिजवाए जाते थे, लेकिन इस बार यह नौबत नहीं आई। सीटें दो ही मेरिट लिस्ट से भर गई। वेटिंग भी लंबी है। होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग, टूरिज्म से परास्नातककोर्सेज यहां कुछ वर्षों पहले शुरू हुए थे। शुरुआत इस कोर्स की ठीक रही, लेकिन इस बार इसके लिए आवेदन नहीं आ पा रहे। बताया जाता है कि स्नातक करने वाले विद्यार्थी सीधे नौकरी पर चले जाते हैं, जिनको अन्य कार्य करना होता है वह पीजी कक्षाओं में दाखिले लेते हैं। विभाग ने कहा है कि विद्यार्थी पीजी कक्षाओं के लिए 4 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। 6 अक्तूबर को काउंसलिंग होगी। 7 अक्तूबर को यह सूची डीयूआई को मंजूरी के लिए भेजी जाएगी।