सर्जरी होने के बाद भी अनफिट होने पर उपभोक्ता फोरम ने अस्पताल और एक डॉक्टर को सेवा में कोताही का दोषी करार दिया है। उपभोक्ता फोरम ने लैंड मार्क हॉस्पिटल और डॉ. गणेश दत्त रतन को निर्देश दिया है कि वह शिकायतकर्ता को 32 हजार 832 रुपये लौटाए। साथ ही दस हजार रुपये मुकदमा खर्च अदा करें। आदेश की प्रति मिलने के 30 दिनों के अंदर निर्देश का पालन न करने पर 50 हजार रुपये अतिरिक्त मुआवजा अदा करना होगा। यह निर्देश जिला उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम-2 ने सुनवाई के बाद दिया है।
शिकायतकर्ता रोहित कुमार चौबे निवासी सेक्टर-45सी चंडीगढ़ ने सेक्टर-33 स्थित लैंडमार्क हॉस्पिटल सेक्टर-33 स्थित डॉ. गणेश दत्त रतन, सेक्टर-17 और नई दिल्ली स्थित ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता रोहित कुमार चौबे ने शिकायत में कहा कि उन्होंने वर्ष 2015 की नेशनल डिफेंस अकादमी और नेवल अकादमी की परीक्षा पास की। लेकिन ईएनटी प्रॉब्लम के कारण मेडिकली अनफिट हो गए। इसके बाद वे चंडीमंदिर स्थित कमांड हॉस्पिटल में मेडिकल अपील के लिए रेफर कर दिए गए।
शिकायतकर्ता ने ईएनटी सर्जन डॉक्टर गणेश दत्त रतन से मिले। डॉक्टर रतन ने लैंडमार्क हॉस्पिटल में ऑपरेशन की सलाह दी। शिकायतकर्ता ने उपभोक्ता फोरम को बताया कि लैंडमार्क हॉस्पिटल और डॉ. रतन ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह आर्मी ज्वाइन करने के लिए पूरी तरह से फिट हो जाएंगे। 21 अक्तूबर 2015 को ऑपरेशन किया और फिटनेस सर्टिफिकेट जारी किया। इसके बाद भी आर्मी मेडिकल ऑथरिटी ने दोबारा रिजेक्ट कर दिया। इसके बाद अन्य ईएनटी सर्जन डॉ. धीरज गुरविंदर सिंह ने लैंडमार्क हॉस्पिटल में 10 नवंबर 2015 को सर्जरी की। इसके लिए 32 हजार 849 रुपये चार्ज किए। लेकिन समय बीत जाने पर वह सलेक्शन नहीं हो पाए। शिकायतकर्ता अगली बार एनडीए परीक्षा में शामिल हुआ और सेलेक्ट हुआ। दूसरे पक्षाें ने उपभोक्ता फोरम को बताया कि उन्होंने सेवा में कोताही नहीं की है।